America: अमेरिका ने यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर की पैट्रियट मिसाइल बिक्री को दी मंजूरी

America: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने यूक्रेन को 2.1 अरब डॉलर मूल्य की पैट्रियट एयर डिफेंस इंटरसेप्टर मिसाइलें बेचने की अनुमति दे दी है। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब यूक्रेन पहले ही पेंटागन पर इन मिसाइलों की आपूर्ति में देरी करने का आरोप लगा चुका है।

अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, इस सौदे के तहत यूक्रेन के लिए 500 पैट्रियट मिसाइलें खरीदी जाएंगी। इनकी खरीद के लिए कनाडा, जर्मनी और नॉर्वे वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। यह खरीद अमेरिकी कार्यक्रम के माध्यम से की जा रही है और इसके लिए अमेरिका के सरकारी खजाने से धन खर्च नहीं किया जाएगा।

विदेश विभाग ने कहा कि इस सौदे से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी। साथ ही, यूरोप में राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। विभाग के अनुसार, यह कदम अमेरिकी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े उद्देश्यों के अनुरूप है।

इस महीने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के लगातार हमलों के बीच सैन्य संसाधनों और गोला-बारूद की कमी को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने चेताया था कि यूक्रेन के पास जरूरी हथियारों का भंडार तेजी से घट रहा है। उस वक्त वॉशिंगटन और कीव के बीच तनाव भी बढ़ रहा था।

जेलेंस्की ने पेंटागन पर दूसरे देशों के पैसों से खरीदी गई मिसाइलों की आपूर्ति में देरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह दावा भी किया था कि रूस के संभावित हमलों को लेकर अमेरिका से मिलने वाली खुफिया जानकारी रोक दी गई थी और स्टारलिंक इंटरनेट की गति भी घटा दी गई थी।

हालांकि, यूक्रेन की ओर से अब कहा गया है कि स्टारलिंक की इंटरनेट सेवा की गति और अमेरिकी खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था दोबारा बहाल हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *