Canada: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अंतरिक्ष, रक्षा, ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं।
अमेरिका के साथ बिगड़ते रिश्तों के बीच कनाडा का यूरोप की ओर तेजी से झुकाव बढ़ने की दिशा में ये एक और कदम है। कार्नी ने कहा कि देश अपनी अंतरिक्ष एजेंसियों और रक्षा मंत्रालयों को इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और उसे साझा करने का काम सौंपेंगे, जिसमें लॉन्च सिस्टम और जमीन पर आधारित रिसेप्शन सुविधाएं शामिल हैं।
वे ऊर्जा, दूरसंचार, जलवायु के प्रति लचीलापन और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए। ये बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कुछ दिन पहले ही कार्नी ने कनाडा के यूरोपीय संघ का पहला सहयोगी सदस्य बनने की संभावना का समर्थन किया था।
उन्होंने तर्क दिया था कि यूरोप के साथ गहरे संबंध होने से कनाडा किसी एक देश के आर्थिक दबाव का शिकार होने से बच सकेगा। कार्नी ने कहा, “कनाडा और यूरोप भविष्य के लिए एक ऐसा गठबंधन बनाएंगे जो हमारी सामूहिक मजबूती को बढ़ाएगा, ताकि हम अपनी साझा मूल्यों के आधार पर अपनी मर्जी से जीवन जी सकें।”
मैक्रों ने कार्नी की यात्रा को “ऐतिहासिक पल” बताया और कहा कि दुनिया भर में मची उथल-पुथल के बीच दोनों देश “अपनी संप्रभुता, अपने फैसले लेने की आज़ादी” और करीबी रिश्ते बनाने के अपने संकल्प को दोहरा रहे हैं। मैक्रों ने यूरोपीय संघ में कनाडा की भविष्य की भागीदारी का भी समर्थन किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ, आर्थिक रियायतों की मांग और कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बार-बार की बातों ने कनाडा सरकार को अपने पड़ोसी पर निर्भरता कम करने और यूरोप के साथ गहरे आर्थिक, सुरक्षा और राजनीतिक संबंध बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। मैक्रों ने न्यूफाउंडलैंड के तट के पास स्थित फ्रांसीसी क्षेत्र के हवाई अड्डे पर कार्नी का स्वागत किया।