APEDA: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध GI टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम ने अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रख दिया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की पहल से रीवा सुंदरजा आम की पहली वाणिज्यिक खेप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निर्यात की गई है। 26 जून को भेजी गई इस एक मीट्रिक टन खेप से किसानों को स्थानीय बाजार की तुलना में 50 प्रतिशत तक अधिक कीमत मिली है।
APEDA के अनुसार, स्थानीय बाजार में रीवा सुंदरजा आम की कीमत लगभग 100 से 110 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जबकि निर्यातक ने किसानों से यह आम 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा। इससे किसानों को प्रति किलोग्राम 40 से 50 रुपये का अतिरिक्त लाभ प्राप्त हुआ, जो उन्हें वैश्विक निर्यात श्रृंखला से जोड़ने के आर्थिक लाभों को दर्शाता है।
इस निर्यात खेप में रीवा जिले के गोविंदगढ़ के प्रगतिशील किसान सोनू गुप्ता तथा सेमरिया किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड (FPO) से प्राप्त उच्च गुणवत्ता वाले GI टैग युक्त सुंदरजा आम शामिल थे। आमों की ग्रेडिंग, छंटाई और पैकिंग उत्तर प्रदेश के भदोही स्थित APEDA समर्थित पैक हाउस में की गई, जिसके बाद इन्हें वाराणसी से हवाई मार्ग द्वारा UAE भेजा गया।
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि यह निर्यात “रीवा सुंदरजा आम की अंतरराष्ट्रीय यात्रा की शुरुआत” है और आने वाले वर्षों में इसके नियमित निर्यात का मार्ग प्रशस्त करेगा। मंत्रालय के अनुसार, यह उपलब्धि भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
क्या है रीवा सुंदरजा आम की खासियत?
रीवा सुंदरजा आम अपनी:असाधारण मिठास, मनमोहक सुगंध, रेशारहित गूदे, और विशिष्ट स्वाद के लिए देशभर में जाना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह किस्म अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रीमियम भारतीय आम के रूप में मजबूत पहचान बना सकती है।
APEDA ने बताया कि पिछले कई महीनों से मध्य प्रदेश उद्यानिकी विभाग, निर्यातकों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), पैक हाउस संचालकों और विदेशी खरीदारों के साथ मिलकर इस विशेष आम के लिए निर्यात नेटवर्क विकसित किया गया था।
प्राधिकरण ने कहा कि वह भविष्य में भी GI टैग प्राप्त कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने, निर्यात अवसंरचना मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। यह सफलता न केवल रीवा सुंदरजा आम को वैश्विक पहचान दिलाएगी, बल्कि मध्य प्रदेश को प्रीमियम आम निर्यात के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।