‘The Blair Witch’: रीबूट की रिलीज डेट तय, सितंबर 2027 में सिनेमाघरों में देगा दस्तक

‘The Blair Witch’: हॉलीवुड की प्रतिष्ठित हॉरर फिल्म ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट’ The Blair Witch Project का रीबूट अब आधिकारिक तौर पर अगले साल दर्शकों को डराने के लिए तैयार है। फिल्म का नया संस्करण 24 सितंबर 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे लायंसगेट ने इसकी रिलीज डेट की घोषणा की है। हालांकि, फिलहाल फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। लायंसगेट मोशन पिक्चर ग्रुप के चेयरमैन एडम फोगेलसन ने इस रीबूट को लेकर कहा था कि यह एक नई सोच और नए विजन के साथ बनाई जा रही फिल्म है, जो हॉरर क्लासिक को नई पीढ़ी के दर्शकों के सामने पेश करेगी।

इस नए संस्करण का निर्देशन डायलन क्लार्क कर रहे हैं, जबकि इसकी स्क्रिप्ट क्रिस थॉमस डेवलिन ने लिखी है। गौरतलब है कि मूल ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट वर्ष 1999 में रिलीज हुई थी और यह अब तक की सबसे सफल स्वतंत्र (इंडी) फिल्मों में गिनी जाती है। बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर करीब 250 मिलियन डॉलर की कमाई की थी।

फिल्म की खासियत इसका “फाउंड फुटेज” स्टाइल था, जिसमें तीन छात्र फिल्म निर्माताओं की कथित सच्ची कहानी दिखाई गई थी। ये छात्र ब्लेयर विच की रहस्यमयी कथा पर डॉक्यूमेंट्री बनाने निकले थे, लेकिन जंगल में रहस्यमय तरीके से लापता हो जाते हैं।

नई फिल्म में मूल कलाकार जोशुआ लियोनार्ड और माइकल सी. विलियम्स कार्यकारी निर्माता के रूप में लौट रहे हैं। उनके साथ 1999 की मूल फिल्म के निर्माता एडुआर्डो सांचेज, डैनियल मायरिक और ग्रेग हेल भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं। इस रीबूट की घोषणा पहली बार CinemaCon 2024 में की गई थी। घोषणा के बाद कलाकारों ने कहा था कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में भी इस हॉरर फ्रेंचाइज़ी को लेकर लोगों का उत्साह इतना बना रहेगा।

मूल फिल्म की स्टार हीदर डोनाह्यू ने उस समय कहा था कि प्रशंसकों से मिलना और उनके प्यार को देखना बेहद सुखद अनुभव रहा, और पहली बार उन्हें इस फ्रेंचाइज़ी के प्रति लोगों का इतना सकारात्मक जुड़ाव महसूस हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *