Lock upp: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा ने रियलिटी शो ‘लॉक अप 2: सच या सज़ा’ का खिताब अपने नाम कर लिया। शो के ग्रैंड फिनाले में होस्ट रितेश देशमुख और फराह खान ने विजेता के तौर पर श्रेया के नाम की घोषणा की। विजेता घोषित होते ही भावुक शिल्पा शिंदे ने मंच पर श्रेया को गले लगाकर उनकी जीत का जश्न मनाया। श्रेया को फाइनल में सबसे ज्यादा वोट मिले, जिसके आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया।
फिनाले के बाद शिल्पा शिंदे ने इंस्टाग्राम पर अपनी करीबी दोस्त श्रेया के लिए भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा, “मैं बेहद खुश हूं। शब्दों में बयां नहीं कर सकती कि मेरी सबसे अच्छी दोस्त श्रेया की जीत से मुझे कितनी खुशी हुई है। बहुत-बहुत बधाई मेरी प्यारी… यह जीत पूरी तरह तुम्हारी हकदार थी। तुम्हें चमकते हुए देखकर मेरा दिल गर्व और खुशी से भर जाता है। तुम्हें हमेशा प्यार करती रहूंगी और मुझे तुम पर बेहद गर्व है।”
इस सीजन में शिल्पा शिंदे फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि योगेश रावत ने सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। ग्रैंड फिनाले में पांच प्रतियोगी पहुंचे थे, जिनमें श्रेया कालरा, शिल्पा शिंदे, शिवांगी जोशी, राम कपूर और योगेश रावत शामिल थे। अंतिम मुकाबला श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के बीच हुआ। होस्ट, पूर्व प्रतियोगियों और विशेष मेहमानों द्वारा दिए गए वोटों के आधार पर श्रेया ने सबसे अधिक वोट हासिल किए और ट्रॉफी अपने नाम की। उन्होंने शिवांगी को सात वोटों के अंतर से हराया।
SHREYA KALRA HAS WON LOCK UPP 🚨🔥#LockUppFinale pic.twitter.com/bGtYhV3UCh
— Netflix India (@NetflixIndia) August 6, 2026
नेटफ्लिक्स का यह रियलिटी शो 27 जून को शुरू हुआ था, जिसमें 15 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। शो की खास बात यह थी कि हर प्रतियोगी अपने साथ तीन निजी राज लेकर आया था। पूरे सीजन में उन्हें शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने छिपे हुए सच भी उजागर करने थे।
‘लॉक अप 2’ में आने से पहले श्रेया कालरा साल 2020 में एमटीवी रोडीज़ में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में नजर आ चुकी हैं। वह निखिल चिनप्पा की टीम का हिस्सा थीं। शो के दौरान वह कई विवादों और तीखी बहसों का हिस्सा रहीं, वहीं उनकी शिल्पा शिंदे और प्रतियोगी माधुरी के साथ गहरी दोस्ती भी देखने को मिली। इस सीजन में हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर, सुनीता आहूजा, सूफी मोतीवाला, आकांक्षा चमोला, वरुण यादव, आकांक्षा चौधरी, पामेला सेरेना, रियाज़ अली और श्रेष्ठा अय्यर सहित कई चर्चित हस्तियों ने भी हिस्सा लिया।