Do Numbari: साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में शामिल ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले इसका पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज हुआ है। इस गाने को ढांडा न्योलीवाला ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। यह ट्रैक उनके बॉलीवुड डेब्यू का भी आगाज है।
लगभग दो मिनट के गाने में दिखाया गया है कि ढांडा न्योलीवाला गाना गा रहे हैं, गाने में वह ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रहे हैं। इसमें गाड़ी, बंदूक और हवाई जहाज नजर आ रहे हैं। कई बार वह विदेश में तो कई बार देसी अंदाज में नजर आए हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दर्शकों को फिर से सीजन 1 की दुनिया में लेकर जाएगी। फिल्म में पहली बार बड़े पर्दे पर गुड्डू पंडित (अली फजल), मुन्ना भैया (दिव्येंदु) और कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) जैसे फ्रेंचाइजी के सबसे लोकप्रिय किरदारों की वापसी होगी।
फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।