Delhi Rain: दिल्ली में सुबह हुई रिमझिम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली के आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि 29 और 30 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। एक और दो मई को मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़कर 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
वहीं तीन और चार मई को फिर से बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं। इसके अलावा, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मैदानी इलाकों में शाम तक या फिर अगले दिन दिख सकता है।