Pune Murder: पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में आरोपी सिया गोयल और उनके प्रेमी चेतन चौधरी को लोनावाला के एक पुलिस स्टेशन लाया गया। आरोप है कि 18 जून को ट्रेकिंग के दौरान 26 साल के केतन को उनकी मंगेतर सिया (20) और उनके प्रेमी चेतन (22) ने खाई में धक्का दे दिया था।
दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए बुधवार दोपहर लोनावाला ग्रामीण पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उन्हें 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। केतन अग्रवाल की सगाई इसी साल की शुरुआत में सिया से हुई थी। 18 जून को केतन की ऐतिहासिक किले में एक चट्टान से गिरकर मौत हो गई। शुरू में इस घटना को एक्सीडेंटल डेथ के तौर पर दर्ज किया गया था, क्योंकि सिया ने पीड़ित के परिवार को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था।
सीसीटीटी कैमरों की जांच के दौरान, पुलिस ने केतन और सिया को एक साथ चलते हुए और कुछ मीटर पीछे हुडी पहने एक आदमी को देखा। तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहने होने की वजह से पुलिस को शक हुआ।
शिवदुर्ग मित्र रेस्क्यू ग्रुप के सुनील गायकवाड़ को पुलिस ने रेस्क्यू के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा, “हमारी टीम ने शव को ढूंढ निकाला। वो कम से कम 250 फीट की ऊंचाई से गिरा था। सिर में चोट लगी थी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव जमीन पर नहीं गिरा था, बल्कि (गिरने के दौरान) एक जगह अटक गया था। हमें स्ट्रेचर पर शव को नीचे लाने के लिए ऊपर चढ़ना पड़ा।”
सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में शानदार तरीके से दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था। सिया और चेतन, केतन को “रास्ते से हटाना” चाहते थे। सिया और केतन को प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए बाली जाना था। लेकिन वो ट्रिप किसी वजह से कैंसल हो गया था, क्योंकि ट्रिप से पहले केतन का पासपोर्ट गायब हो गया था।