Diwali: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं, साथ ही उन्होंने लोगों से त्योहार पर उपहार खरीदते समय उत्तर प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल खुशियां बांटने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और समाज के कल्याण की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को यहां के कारीगरों की मेहनत और हुनर ने खास पहचान दिलाई है। ऐसे में त्योहार के दौरान अपने प्रियजनों को उपहार देते समय प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को भी महत्व दिया जाना चाहिए।
ODOP योजना ने पारंपरिक उत्पादों को दिलाई नई पहचान
मुख्यमंत्री ने एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय शिल्प को नई पहचान प्रदान की है। आज प्रदेश के कुल निर्यात में ओडीओपी उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को अब तक 81 जीआई टैग प्राप्त हो चुके हैं। इससे प्रदेश के विशिष्ट उत्पादों और पारंपरिक शिल्प की पहचान देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मजबूत हुई है।
स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को मिलेगा प्रोत्साहन
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से इस दीपावली पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करना केवल एक वस्तु खरीदना नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, कारीगरों के कौशल और उद्यमियों की मेहनत का सम्मान करना है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल को अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए। इससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी, कारीगरों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।