Martin Garrix: दुनियाभर में मशहूर डच डीजे और म्यूजिक प्रोड्यूसर मार्टिन गैरिक एक बार फिर भारतीय प्रशंसकों के बीच धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। मार्च 2027 में वह भारत के 10 शहरों में लाइव म्यूजिक टूर करेंगे। बुधवार को टूर के आयोजक सनबर्न एरेना ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। खास बात यह है कि यह दौरा होली के त्योहार के आसपास आयोजित किया जाएगा।
मार्टिन गैरिक का यह टूर 10 मार्च को अहमदाबाद से शुरू होगा। इसके बाद वह 12 मार्च को भुवनेश्वर, 13 मार्च को चेन्नई, 14 मार्च को बेंगलुरु, 16 मार्च को शिलांग और 17 मार्च को कोलकाता में प्रस्तुति देंगे। वहीं, 19 मार्च को हैदराबाद, 20 मार्च को दिल्ली-एनसीआर और 21 मार्च को मुंबई में उनके शो होंगे। इस टूर का समापन 22 मार्च को पुणे में होगा।
भारत वापसी को लेकर गैरिक ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से उनके लिए खास रहा है और यहां के प्रशंसकों से उन्हें वर्षों से भरपूर प्यार मिला है। पिछले एक दशक से अधिक समय में उन्होंने भारत में कई यादगार कार्यक्रम किए हैं और एक बार फिर यहां आने को लेकर उत्साहित हैं।
गैरिक के मुताबिक, 10 शहरों में परफॉर्म करना और करीब दो लाख लोगों के साथ होली का जश्न मनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव होगा। इस दौरान प्रशंसकों को उनके कई लोकप्रिय ट्रैक सुनने का मौका मिलेगा। इनमें ‘एनिमल्स’, ‘इन द नेम ऑफ लव’, ‘स्केयर्ड टू बी लोनली’ और ‘हाई ऑन लाइफ’ जैसे गाने शामिल हैं।
सनबर्न के सीईओ करण सिंह ने भी इस टूर को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि मार्टिन गैरिक के साथ कंपनी का जुड़ाव लगातार मजबूत हुआ है और उनकी हर वापसी के साथ लाइव म्यूजिक का अनुभव पहले से बेहतर होता गया है। उनके मुताबिक, होली जैसे रंगों और उत्साह से भरे भारतीय त्योहार के दौरान 10 शहरों में यह टूर आयोजित करना इस साझेदारी को आगे बढ़ाने का शानदार अवसर है।
गौरतलब है कि सनबर्न और मार्टिन गैरिक का साथ एक दशक से भी ज्यादा पुराना है। साल 2017 में उन्होंने सनबर्न फेस्टिवल में हेडलाइन परफॉर्मेंस दी थी। इसके बाद 2023 में आठ शहरों में नौ शो करने के लिए भारत लौटे। दिसंबर 2025 में भी उन्होंने डीवाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित भव्य होली समारोह और सनबर्न फेस्टिवल के पहले मुंबई संस्करण में अपनी प्रस्तुति दी थी।
इस टूर के लिए अर्ली एक्सेस टिकट रजिस्ट्रेशन 4 नवंबर को शाम 5 बजे (IST) से शुरू हो चुका है। यह आयोजन RuPay की प्रस्तुति और Hyundai के सहयोग से किया जा रहा है।