Hardik Pandya: हार्दिक पंड्या की वापसी से मजबूत होगा टीम इंडिया का संतुलन, शुभमन गिल ने नंबर-7 और 8 की समस्या पर कही बड़ी बात

Hardik Pandya:  भारतीय वनडे टीम में हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी का असर टीम के संतुलन पर साफ दिखाई दे रहा है। कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि इस अनुभवी ऑलराउंडर की वापसी से टीम की बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी और सातवें व आठवें नंबर के बल्लेबाजों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति भी दूर हो जाएगी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले से पहले पत्रकारों से बातचीत में गिल ने हार्दिक पंड्या की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंड्या की मौजूदगी से टीम को अतिरिक्त बल्लेबाजी विकल्प मिलेगा और प्लेइंग इलेवन का संतुलन बेहतर होगा।

गिल ने कहा, “अगर हार्दिक पंड्या टीम में लौटते हैं, तो नंबर सात और आठ पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी। इससे हमारी टीम बल्लेबाजी के लिहाज से पहले से ज्यादा संतुलित नजर आएगी।”

हार्दिक पंड्या आमतौर पर छठे या सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं। आईपीएल के बाद चोटिल होने के कारण वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उनकी वापसी की तैयारी के बीच पिंडली में खिंचाव आने से उनकी फिटनेस पर फिर सवाल खड़े हो गए थे।

गिल ने पंड्या को विशेष प्रतिभा वाला खिलाड़ी बताते हुए कहा कि टीम को ऐसे ऑलराउंडर की जरूरत होती है, जो मुकाबले के हर चरण में योगदान दे सके। उन्होंने कहा, “हार्दिक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। जिस तरह की क्षमता उनके पास है, वैसी बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलती है। ऐसा ऑलराउंडर टीम के लिए बेहद उपयोगी होता है, जो किसी भी समय गेंदबाजी कर सके और बल्ले से भी अहम भूमिका निभाए।”

भारतीय कप्तान ने पंड्या के लंबे समय से मैदान से दूर रहने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी हार्दिक से लगातार बातचीत होती रहती है।

गिल के मुताबिक, पंड्या को भारत ‘ए’ की ओर से कुछ मुकाबले खेलने थे, लेकिन मैचों से पहले ही वह चोटिल हो गए। कप्तान को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह फिट होंगे, घरेलू क्रिकेट में कुछ मैच खेलकर अपनी लय हासिल करेंगे और इसके बाद भारतीय टीम में वापसी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *