Priyanka Chopra : अभिनेत्री और निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनास भारतीय लघु फिल्म ‘वी वर हियर’ के साथ कार्यकारी निर्माता के रूप में जुड़ गई हैं। प्रणव भसीन के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब ऑस्कर की दावेदारी के लिए तैयार हो रही है। प्रियंका के अलावा अभिनेता एंड्रयू स्कॉट और टोनी अवॉर्ड विजेता नाटककार वी (V), जिन्हें पहले ईव एन्सलर के नाम से जाना जाता था, भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बने हैं।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी पहचान बना चुकी ‘वी वर हियर’ अब तक 80 से अधिक फेस्टिवल में प्रदर्शित हो चुकी है और 20 से ज्यादा पुरस्कार अपने नाम कर चुकी है। प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म से जुड़ने की वजह बताते हुए कहा कि इसकी कहानी मौजूदा दौर के एक बेहद अहम मुद्दे को नए अंदाज में प्रस्तुत करती है।
प्रियंका के मुताबिक, फिल्म का विषय और उसे पेश करने का तरीका उन्हें खासा प्रभावित कर गया। उन्होंने कहा कि कार्यकारी निर्माता के तौर पर जुड़ने का प्रस्ताव मिलते ही उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। उनका उद्देश्य फिल्म की रचनात्मक टीम को मजबूती देना और उनके बेहतरीन काम को वह पहचान दिलाने में मदद करना है, जिसकी वह हकदार है।
तकनीक और रोजगार की चिंता पर आधारित है कहानी
‘वी वर हियर’ की कहानी भारत के एक छोटे शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्हें लगता है कि मशीनें धीरे-धीरे इंसानों की जगह ले रही हैं। इसके विरोध में वे खुद को फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे घरेलू उपकरणों के रूप में पेश करते हुए अनोखा प्रदर्शन शुरू करते हैं। हालांकि, उनके इस विरोध को तब नया मोड़ मिलता है, जब उनमें से एक का बच्चा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई कंपनी में नौकरी करने लगता है।
प्रणव भसीन की लिखी और निर्देशित यह कॉमेडी फिल्म हास्य के माध्यम से तकनीकी बदलाव, रोजगार के भविष्य और समाज में अपनी प्रासंगिकता खत्म होने की आशंका जैसे गंभीर मुद्दों को उठाती है।
कई प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में मिल चुकी है पहचान
फिल्म को अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई अहम सम्मान मिले हैं। इनमें ‘साउथ बाय साउथवेस्ट’ (SXSW) का ‘ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट’ और ‘रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड’ शामिल हैं। वहीं, ‘पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट’ में फिल्म को ‘बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म (15 मिनट से कम)’ और ‘बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट’ का पुरस्कार मिला।
पाम स्प्रिंग्स में मिली उपलब्धि ने फिल्म को अकादमी पुरस्कारों में विचार किए जाने की पात्रता दिलाई है। इसके अलावा, फ्रांस में आयोजित ‘क्लेरमोंट-फेरंड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल’ में भी इसे ‘कैनाल+ प्राइज’ से सम्मानित किया गया था। इसी समारोह में फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर हुआ था।
एक और बड़ी उपलब्धि के तौर पर ‘द न्यू यॉर्कर’ ने फिल्म के अधिकार हासिल कर लिए हैं। इसे जल्द ही पत्रिका के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा।
निर्देशक प्रणव भसीन ने पुरस्कारों के इस अहम दौर में प्रियंका चोपड़ा, एंड्रयू स्कॉट और वी जैसी जानी-मानी हस्तियों का साथ मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे अपने लिए सपने के सच होने जैसा बताया।
फिल्म का निर्माण यश गोंसाई, धीर मोमाया और दार गाई ने किया है, जबकि एसपीएलएफ मीडिया और आरती लोहिया इसके प्रस्तुतकर्ता हैं।