Parivarik Manoranjan: ‘पारिवारिक मनोरंजन’ SonyLIV पर होगी रिलीज, कॉमेडी और रोमांस का मिलेगा तड़का

Parivarik Manoranjan: बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की जोड़ी जल्द ही एक नई फिल्म के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाली है। उनकी फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ 13 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर रिलीज होगी। फिल्म में कॉमेडी, रोमांस और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी दिलचस्प कहानी देखने को मिलेगी।

इस फिल्म की कमान निर्देशक वरुण वी. शर्मा ने संभाली है। इसका निर्माण भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड के बैनर तले विनोद भानुशाली और हिमांशु मेहरा ने किया है। वहीं, फिल्ममेकर अली अब्बास जफर अपने प्रोडक्शन हाउस AAJ Films के जरिए इस प्रोजेक्ट से क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं।

पंकज त्रिपाठी ने बताया फिल्म का खास आकर्षण

फिल्म को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा कि इसकी कहानी बेहद सहज और सरल है। फिल्म के किरदारों को इस तरह गढ़ा गया है कि दर्शक उनसे आसानी से खुद को जोड़ सकेंगे। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म में पारिवारिक रिश्तों की मिठास के साथ रोमांस और हास्य का भी भरपूर मेल देखने को मिलेगा। उन्होंने इसे त्योहारों के मौके पर परिवार और दोस्तों के साथ देखने के लिए एक अच्छा विकल्प बताया। पंकज ने उम्मीद जताई कि दर्शक अपने करीबियों के साथ फिल्म की कहानी और मनोरंजक सफर का आनंद लेंगे।

अदिति राव हैदरी ने पंकज त्रिपाठी के साथ काम करने का अनुभव साझा किया

अदिति राव हैदरी ने भी फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया। उन्होंने बताया कि पंकज त्रिपाठी के साथ पहली बार स्क्रीन साझा करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा। उनके सहज हास्य और मजाकिया अंदाज ने शूटिंग के दौरान माहौल को खुशनुमा बनाए रखा। अदिति के अनुसार, फिल्म में रोमांस, कॉमेडी और पारिवारिक ड्रामे का खूबसूरत संगम है। उन्होंने अपने किरदार को लेकर कहा कि उसकी खास आदतों और आसपास के लोगों के साथ उसके रिश्तों को समझना उनके लिए एक दिलचस्प अनुभव रहा।

‘भारत’ के बाद फिर साथ आए वरुण शर्मा और अली अब्बास जफर

इस फिल्म के जरिए निर्देशक वरुण वी. शर्मा और निर्माता अली अब्बास जफर एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले वरुण शर्मा ने अली अब्बास जफर की फिल्म ‘भारत’ की पटकथा लिखने में योगदान दिया था। सलमान खान और कैटरीना कैफ अभिनीत यह फिल्म साल 2019 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

अब दोनों की यह नई पेशकश पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की जोड़ी के साथ दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। फिल्म 13 नवंबर से SonyLIV पर स्ट्रीम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *