Noida: शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की स्मृति में आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (ओपन) इस वर्ष भी नोएडा में आयोजित किया जाएगा। लगातार 26 वर्षों से आयोजित हो रही इस क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिए हर वर्ष शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि दी जाती है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 5 अक्टूबर को नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए के क्रिकेट मैदान पर होगा।
कैप्टन शशिकांत शर्मा ने 5 अक्टूबर 1998 को सियाचिन ग्लेशियर में पाकिस्तान के सैनिकों के साथ युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए महज 23 वर्ष की उम्र में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों, शहीद के परिजनों और स्थानीय नागरिकों के लिए हर वर्ष विशेष महत्व रखती है।
इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन मानव सेवा समिति, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, नोएडा प्रोमोटर्स एंड डेवलपर्स वेलफेयर एसोसिएशन (NPDA) और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है।
10 दिन तक चलेगी प्रतियोगिता
इस वर्ष होने वाली प्रतियोगिता करीब 10 दिनों तक चलेगी। टी-20 प्रारूप में आयोजित टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। लीग कम नॉकआउट आधार पर कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे और प्रत्येक टीम को कम से कम तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों में:
- एस्टर क्रिकेट अकादमी
- पायनियर क्रिकेट क्लब
- विश्व फॉल्कन्स
- एमएस स्पोर्ट्स
- खुर्राट 11
- स्किल इंडिया पॉवर
- वंडर्स क्लब नोएडा
- स्टार XI क्रिकेट अकादमी
विजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 50,000 रुपये और उपविजेता टीम को 25,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 11,000 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 5,100-5,100 रुपये तथा टूर्नामेंट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और किट के साथ अन्य पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंपायरिंग और स्कोरिंग की जिम्मेदारी डीडीसीए पैनल के अंपायर लेखराज एवं उनके साथी संभालेंगे।
देश के कई दिग्गज क्रिकेटर रह चुके हैं शामिल
कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के पिछले आयोजनों में क्रिकेट और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होकर शहीद को श्रद्धांजलि दे चुकी हैं। इनमें विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मदनलाल, चेतन चौहान, अशोक मल्होत्रा, गुरशरण सिंह, चेतन शर्मा, अजय जडेजा, विजय दहिया, विजय यादव, सबा करीम, प्रवीण कुमार और परविंदर अवाना सहित कई पूर्व क्रिकेटर शामिल रहे हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज, जो गौतम गंभीर के कोच भी रहे हैं, तथा बीसीसीआई और यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारी राजीव शुक्ल भी पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा रह चुके हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, नवाब सिंह नागर और सत्यवीर गुर्जर समेत कई गणमान्य लोग भी टूर्नामेंट के उद्घाटन और समापन समारोहों में शामिल होकर कैप्टन शशिकांत शर्मा को श्रद्धांजलि दे चुके हैं।
शशिकांत द्वार और शशिकांत चौक से भी सम्मान
मानव सेवा समिति के अनुरोध पर नोएडा के पूर्व चेयरमैन देवदत्त शर्मा ने एक टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के बाद नोएडा स्टेडियम के एक द्वार का नाम ‘शशिकांत द्वार’ और गोल्फ कोर्स के पास स्थित गोलचक्कर का नाम ‘शशिकांत चौक’ रखकर शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को सम्मानित किया था। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा की वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। प्रत्येक वर्ष उनके शहीदी दिवस 5 अक्टूबर के अवसर पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता उनकी स्मृति को जीवंत रखने का माध्यम बनी हुई है।