Pithoragarh: पिथौरागढ़ कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन), भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), पुलिस, चिकित्सा एवं राजस्व विभाग सहित यात्रा से जुड़े सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं, इस वर्ष यात्रा के लिए कुल 10 दल प्रस्तावित हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे।
इस प्रकार कुल 500 श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा में प्रतिभाग करेंगे। श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा 12 वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा का प्रथम दल आगामी 6 जुलाई 2026 को पिथौरागढ़ पहुंचेगा। उन्होंने कुमाऊं मंडल विकास निगम एवं सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।