Sharvari: अभिनेत्री शरवरी वाघ ने सोशल मीडिया पर अपनी हालिया फिल्म “मैं वापस आऊंगा” की शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें शेयर कीं और फिल्म के कलाकारों और क्रू का शुक्रिया अदा किया। इस फिल्म को इम्तियाज अली ने निर्देशित किया है और यह शुक्रवार को रिलीज हुई। इसमें वेदांग रैना, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह भी हैं।
शरवरी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ये पोस्ट शेयर किया। इसमें फिल्म निर्माता, उनके को-एक्टर और क्रू के दूसरे सदस्यों की तस्वीरें थीं। अभिनेत्री ने कहा कि ये फिल्म “इसके पीछे काम करने वाले बहुत से लोगों के जुनून, सब्र, टैलेंट और कड़ी मेहनत से बनी है।”
उन्होंने कैप्शन में लिखा, “इस सीरीज का नाम है ‘पीपल ऑफ मैं वापस आऊंगा’। फिल्म में भले ही स्क्रीन पर कुछ ही चेहरे दिखते हों, लेकिन ये इसके पीछे काम करने वाले बहुत से लोगों के जुनून, सब्र, टैलेंट और कड़ी मेहनत से बनी है। हर लोकेशन, हर सीन, हर इमोशन इसलिए है क्योंकि पूरी टीम ने साथ मिलकर काम किया, अपना सब कुछ दिया और इस कहानी पर भरोसा किया।”
उन्होंने आगे कहा, “ये तस्वीरें उस क्रू के लिए एक छोटा सा प्यार भरा संदेश हैं, जिन्होंने इस सफर को इतना खास बनाया। आपके डेडिकेशन, आपकी हंसी, आपकी हिम्मत और आपके प्यार के लिए शुक्रिया। अफसोस कि मैं हर किसी की तस्वीर नहीं ले पाई, लेकिन आप सभी को मेरा प्यार और उन सभी को जिन्होंने ‘मैं वापस आऊंगा’ देखी, सपोर्ट किया, शेयर किया और पसंद किया… शुक्रिया।”
ये प्रोजेक्ट एक ऐसी रोमांटिक कहानी है, जो कई दशकों तक चलती है और एक ऐसे प्यार की यादों के जरिए अतीत को वर्तमान से जोड़ती है जिसे समय भी मिटा नहीं सका। इस फिल्म को बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने विंडो सीट फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।