Election Result: गंगोत्री से गंगा सागर तक कमल ही कमल खिला, पीएम मोदी बोले बरसों की साधना सिद्धी में बदली

Election Result: पांच राज्यों के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, वह बंगाली कुर्ता-पाजामा में नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में जोरदार स्वागत किया गया. इस अवसर पर पूरा परिसर मोदी-मोदी के नारे से गूंज उठा. पीएम मोदी ने भाषण की शुरुआत भारत माता के नारे के साथ की.

पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है. पीएम मोदी ने कहा जो लोग मुझे देख नहीं पाते हैं, उनसे मेरी प्रार्थना है, वे जहां वहीं से मुझे सुन लें, किसी को आगे पीछे न करें। पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज का ये दिवस कई मायनों में खास, ये देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसा का दिन है, भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर। भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में BJP की रिकॉर्ड जीत कई पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं की कोशिशों और संघर्षों के बिना मुमकिन नहीं होती. मैं उन सभी को सलाम करता हूं. सालों से, उन्होंने जमीन पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की मुश्किलों को पार किया है और हमारे विकास के एजेंडे के बारे में बात की है. वे हमारी पार्टी की ताकत हैं.

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जय-पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा होता है, लेकिन पांच राज्यों की जनता ने पूरे विश्व को दिखाया है कि ये हमारा भारत मदर ऑफ डेमोक्रेसी क्यों है। लोकतंत्र हमारे लिए सिर्फ एक तंत्र नहीं है। ये हमारी रगों में दौड़ता हुआ संस्कार है। आज सिर्फ भारत का लोकतंत्र नहीं जीता है, आज भारत का संविधान भी जीता है। हमारी सांविधानिक संस्थाएं जीती हैं। हमारी लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। बंगाल में करीब 93 फीसदी मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सबका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा- आज अलग-अलग उपचुनाव के परिणाम भी उत्साहजनक रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, नगालैंड और त्रिपुरा में जो उपचुनाव हुए, उनमें हमारे उम्मीदवारों को जनता-जनार्दन ने आशीर्वाद दिया। हम इन राज्यों में भी जीत गए। एनडीए की नेता सुनेत्रा पवार जी ने भी बड़ी जीत दर्ज की है। मैं सभी राज्यों की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कमल खिला दिया- PM

मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुदुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरल की जनता का आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं उनका वंदन करता हूं। भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है। भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन के अध्यक्ष पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे। इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं को जो उनका मार्गदर्शन मिला, वह इस विजय में बहुमूल्य रहा है।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने इसी जगह से, भाजपा मुख्यालय से आपसे कहा था कि गंगाजी बिहार से आगे बहते हुए गंगा सागर तक जाती हैं। आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल आज मां गंगा के इर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा-एनडीए सरकार है।

2013 में जब भाजपा ने मुझे पीएम उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया और जब पत्रकारों ने मुझे भेजा तो मैंने कहा था कि ‘न मुझे किसी ने भेजा है, न मैं यहां आया हूं, मुझे यहां मां गंगा ने बुलाया है।’ आज मैं महसूस कर रहा हूं कि मां गंगा हमारे ऊपर अपनी कृपा बरसा रही हैं। गंगा के साथ ब्रह्मपुत्र का भी हम पर अहसान रहा है। असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए पर भरोसा किया है। हैट्रिक- तीसरी बार।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा “आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं। हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः। हम जनता की सेवा में जुटे हुए हैं। इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस। जहां भाजपा, वहां विकास। आप बीते दो साल के ट्रेंड को देखिए। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी। महाराष्ट्र में जबरदस्त जीत मिली। दिल्ली में अभूतपूर्व जीत मिली। बिहार में भी हमें बड़ी जीत हासिल हुई। यह जीत सिर्फ राज्यों में ही नहीं लोकल गवर्नेंस में भी दिख रही है।”

बंगाल में एक नया सूर्योदय हुआ- PM

इस जीत के साथ-साथ वंदे मातरम के 150वें वर्ष में भारत माता को और उसी बंकिम जी को बंगाल के लोगों ने अपना सादर नमन प्रेषित किया है। श्री अरबिंदो को भी मतदाताओं ने ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है। बंगाल में हमारे कितने भी कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है। भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े। केरल में और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ीं। उन पर कितने जुल्म हुए हैं, कितने अत्याचार हुए हैं। मैं आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को और उनके परिवारों को देता हूं। मैं यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं।

उन्होंने आगे कहा- 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा, जिसका इतंजार पीढ़ियों ने किया है। भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं वह महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है, जिसने डर, तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है। साथियों आज से बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है, जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी।

पीएम मोदी ने आगे कहा- मैं आज हर बंगाल वासी को भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी। बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा। युवाओं को रोजगार मिलेगी। पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी। और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इस महाविजय की दहलीज पर खड़े होकर हम गुरुदेव टैगोर को भी याद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *