TN Polls Result: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने सबको चौंका दिया है। 49 साल से राज कर रही द्रमुक और अन्नाद्रमुक को पछाड़कर अभिनेता विजय की दो साल पुरानी पार्टी टीवीके सबसे आगे निकलती दिखाई दे रही है। टीवीके 100 से ज्यादा सीटों पर आगे है, जबकि फिलहाल तक सीएम स्टालिन खुद पीछे चल रहे हैं। राज्य में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय है।
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों पर सोमवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। रुझानों में डीएमके पिछड़ती दिखाई दे रही है। ऐसे में चेन्नई में स्थित पार्टी दफ्तर में लगाए गए टेंट और कार्पेट हटा दिए गए हैं। डीएमके ने जीत की उम्मीद से जश्न की तैयारियां की हुईं थी, सभी एग्जिट पोल में स्टालिन की पार्टी को जीत के संकेत मिल रहे थे। लेकिन वोटों की गिनती शुरू होने के दो घंटे के अंदर ही डीएमके की वो उम्मीद खत्म हो गई।
पुरानी पार्टियों के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और घिसे-पिटे चुनावी वादों से ऊब चुके मतदाता, खासकर युवा और महिलाएं, अब विजय के रूप में एक नई उम्मीद देख रहे हैं। तमिलनाडु की राजनीति में पिछले 49 वर्षों से केवल दो ही द्रविड़ पार्टियों, द्रमुक और अन्नाद्रमुक का दबदबा रहा है। राज्य की सत्ता हमेशा इन्हीं दोनों खेमों के बीच घूमती रही है, लेकिन अब अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की पार्टी टीवीके ने इस दशकों पुराने एकाधिकार को सीधी और कड़ी चुनौती दी है। विजय की रैलियों में जो भीड़ दिखाई दे रही थी। वो वोट में परिवर्तित होती दिखी। 49 साल की मजबूत द्रविड़ सत्ता के सामने विजय एक बड़े तूफान की तरह खड़े हो गए हैं।