Election Result: दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय और असम के गुवाहाटी समेत बंगाल में कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालयों में जश्न शुरू हो गया। दिल्ली में तुरंत एक बैंड को बुलाया गया और गुवाहाटी में एकत्रित पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए दावत का इंतजाम किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल स्थित पार्टी कार्यालय में मिठाई के पैकेट भी पहुंचे।
असम में एक हलवाई ने बताया, “पूरी-सब्जी, बिलाही टोक (टमाटर की चटनी), चाय, जलेबी, कचौरी है। दोपहर के भोजन में सादा चावल, मिक्स वेज और मटर पनीर है। हम 3000 लोगों के लिए जलेबी बना रहे हैं।” पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी में कराए गए विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में पीएम मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक मतगणना के चार घंटे बाद भाजपा मुख्यालय में भव्य तैयारियां शुरू हो गईं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी समारोह के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनका मनोबल भी बढ़ाएंगे।
भाजपा से जुड़े जानकारों और गत 12 वर्षों में चुनावों के बाद पीएम मोदी के पुराने संबोधनों को देखते हुए माना जा रहा है कि उनके संबोधन में आगामी योजनाओं और पार्टी की दिशा पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।