NEET UG 2026: NTA की बड़ी लापरवाही! नागपुर के छात्र को वर्धा की जगह मिला अबूधाबी का परीक्षा केंद्र

NEET-UG: विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर पहले से सवालों के घेरे में घिरी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) अब एक नई गड़बड़ी के कारण आलोचनाओं का सामना कर रही है। 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा से ठीक पहले नागपुर के एक छात्र को भारत की जगह अबूधाबी (यूएई) में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया।

नागपुर निवासी अब्दुल्ला मोहम्मद ने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी प्राथमिकता के रूप में चुना था। इसके बावजूद NTA ने उन्हें अबूधाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया। छात्र का कहना है कि उसके पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव नहीं है।

परीक्षा से एक दिन पहले बढ़ी चिंता

21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा में अब केवल एक दिन शेष है। ऐसे में छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है। इससे पहले हुई परीक्षा के दौरान अब्दुल्ला को नागपुर में ही परीक्षा केंद्र मिला था, लेकिन पुनर्परीक्षा के लिए जारी एडमिट कार्ड में अबूधाबी का केंद्र देखकर परिवार हैरान रह गया।

पासपोर्ट और वीजा तक नहीं

अब्दुल्ला ने बताया कि विदेश जाकर परीक्षा देना उसके लिए असंभव है क्योंकि उसके पास न तो पासपोर्ट है और न ही इतनी कम अवधि में वीजा की प्रक्रिया पूरी हो सकती है। छात्र ने तत्काल NTA हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

हेल्पलाइन नंबर पर की शिकायत 

महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने इस मामले को उठाते हुए NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में इस प्रकार की लापरवाही बेहद गंभीर है और छात्र को तुरंत संशोधित प्रवेश पत्र जारी किया जाना चाहिए। डॉ. अनीस अहमद के अनुसार, NTA हेल्पलाइन से संपर्क करने पर अधिकारियों ने तकनीकी गलती स्वीकार की और भरोसा दिलाया कि छात्र को नागपुर में परीक्षा केंद्र आवंटित कर नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी कहा कि शुक्रवार शाम तक संशोधित प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।

पारदर्शिता के दावों पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर NTA की कार्यप्रणाली और परीक्षा आयोजन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्र NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अपने भविष्य की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ऐसे में परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई इस तरह की गलती एजेंसी की तैयारियों और व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *