Delhi NCR: दिल्ली में भारी बारिश से बढ़ी लोगों की मुश्किलें, जगह-जगह भरा पानी

Delhi NCR: दिल्ली- एनसीआर के कई इलाकों में कुछ घंटों की भारी बारिश ने ही जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक धीमा हो गया। इससे सुबह के वक्त लोगों को आने-जाने में मशक्कत करनी पड़ी।

इसके साथ ही हरियाणा के फरीदाबाद में कई सड़कें पानी में डूबी दिखीं। लोगों का कहना है कि शहर में थोड़ी सी भी बारिश होने पर ऐसी स्थिति आम बात हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि “हर बार जरा सा पानी आने से पूरी रोड भर जाती है, बिजली दफ्तर के आगे भी सारा भर जाता है। बहुत एक्सीडेंट होते हैं, बहुत एक्सीडेंट होते हैं। अभी मुझे बच्चे को बिठा के जाना था, गिर न जाऊं, ऑटो में आ रही हूं पीछे से।”

हरियाणा के गुरुग्राम में भी कई जगहों पर जल-जमाव और भारी ट्रैफिक जाम की तस्वीरें दिखीं। हालात को देखते हुए पुलिस ने एडवायजरी जारी की, जिसमें कॉर्पोरेट कंपनियों और प्राइवेट संस्थानों से कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ यानी घर से काम करने की इजाजत देने को कहा गया, उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि वे निजी गाड़ियों का इस्तेमाल करने से बचें और जहां तक हो सके, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

गुरुग्राम एसीपी ट्रैफिक सतपाल यादव ने बताया कि “जैसा कि आपको पता है गुरुग्राम में कल से बरसात हो रही है, और रेगुलरली हो रही है और रुक-रुक कर भी हो रही है। जिसके कारण व्हीकल का दबाव बढ़ रहा है। इसलिए मेरा आपसे निवेदन है कि जब तक जरूरी न हो आप प्राइवेट व्हीकल का प्रयोग न करें, आप पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें और मेरा ये निवेदन सभी कॉर्पोरेट ऑफिस, सरकारी, प्राइवेट संस्थाओं से और सभी मुलाजिम सरकारी और प्राइवेट संस्थाओं में जो लग रहे हैं कि अपने प्राइवेट व्हीकलों का प्रयोग न करें।”

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए गुरुवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *