Uttarkashi: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथि और शुभ मुहूर्त निर्धारित कर लिया गया है। शारदीय नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर 5 मंदिर समिति, गंगोत्री धाम के पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त निकाला। समिति के पत्र के अनुसार, आगामी 10 नवंबर 2026 को अन्नकूट पर्व के अवसर पर दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए मुखबा गांव पहुंचेगी, जहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। गंगोत्री धाम में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शीतकाल के आगमन के साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम ठंडा होने और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।