Uttarakhand: उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, बीजेपी नेता रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। रामशरण नौटियाल मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। वह चकराता विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने पर बीजेपी प्रवक्ता शादाब शम्स ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रामशरण नौटियाल पहले भी कांग्रेस में थे और अपनी मर्जी से बीजेपी में आए थे, अब अपनी मर्जी से वापस चले गए हैं। उन्होंने कहा कि संभव है कि कांग्रेस की ओर से उन्हें कोई राजनीतिक आश्वासन दिया गया हो या चकराता सीट को लेकर कोई समझौता हुआ हो की प्रीतम सिंह उनको अपनी जगह चुनाव लड़ने देंगे।
शम्स ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक लोग कई बार अपने फायदे और नुकसान को देखकर फैसले लेते हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने आगे कहा कि चकराता विधानसभा सीट पर बीजेपी की जीत तय है और रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर बीजेपी ने भी ऐसा करना शुरू कर दिया, तो कांग्रेस को इसका जवाब देना मुश्किल हो जाएगा।