Uttarakhand: राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी दिनेश आर्या ने किया नामांकन

Uttarakhand: उत्तराखंड से राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी दिनेश आर्या ने आज विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। नामांकन को लेकर विधानसभा परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ भी नजर आई।

नैनीताल जिले से ताल्लुक रखने वाले दिनेश आर्या अनुसूचित समाज से आते हैं। वह बीजेपी के नैनीताल जिलाध्यक्ष और एससी मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के तौर पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
नामांकन के बाद दिनेश आर्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है और यही पार्टी की विशेषता है।

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि दिनेश आर्या एक निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी व्यक्ति की जाति नहीं, बल्कि संगठन के प्रति उसकी निष्ठा और योगदान को प्राथमिकता देती है। आर्या के चयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *