Kainchi Dham: कैंची धाम मेले को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर

Kainchi Dham: 15 जून को कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए 13 जून से 16 जून की रात तक भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है। देखिए ये विशेष रिपोर्ट।

विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा योजना लागू की है। पुलिस के अनुसार किसी भी श्रद्धालु को निजी वाहन लेकर सीधे कैंची धाम तक जाने की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया वाहनों को भी भवाली पार्किंग में ही खड़ा किया जाएगा।

यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां से लगातार शटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 13 जून की सुबह से 16 जून की रात तक भारी मालवाहक वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। हालांकि दूध, गैस, पेट्रोलियम पदार्थ और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित शर्तों के तहत आवागमन की अनुमति रहेगी।

इनकी होगी तैनाती :

मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में CAPF, SSB, ATS, BDS और SDRF की टीमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, इसके अलावा 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 12 क्षेत्राधिकारी और 3 आईपीएस अधिकारियों को मेले की निगरानी और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *