Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। पटेलनगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला चौक पर एक कार अनियंत्रित होकर कंटेनर ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार छह साल का बच्चा सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार में पांच लोग मौजूद थे। सभी सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंसकर रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पटेलनगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सबसे पहले कार के ऊपर से कंटेनर को हटाया गया। इसके बाद रूफ कटर की मदद से कार की छत काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल लोगों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63), चालक नीरज और छह वर्षीय बच्चे के रूप में की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) अंकित कंडारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बचाव दल ने छह साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।