Corbett Park: भारत में दुनिया के सबसे ज्यादा जंगली बाघ पाए जाते हैं, संरक्षण के इस गौरवशाली सफर के केंद्र में एक ऐसा जंगल है जो नौ दशकों से अपने वन्यजीवों की रक्षा कर रहा है। कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान..ये एक ऐसा नाम जो बाघ, हाथी और उत्तराखंड के जंगली इलाकों की पहचान बन चुका है। इसने शनिवार को भारत के पहले राष्ट्रीय उद्यान के तौर पर 90 साल पूरे किए।
कॉर्बेट सिर्फ एक राष्ट्रीय उद्यान नहीं बल्कि भारत में वन्यजीव संरक्षण की सबसे सफल कहानी और प्रोजेक्ट टाइगर की जन्मस्थली के रूप में पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है। वन्यजीव प्रेमी भले ही ये मानते हों कि जंगल पर सिर्फ जंगली जानवरों का ही हक है, लेकिन इसकी कहानी इससे इतर कहीं दूर तक फैली हुई है। ये वन्यजीवों, लोगों और आस-पास की अर्थव्यवस्था के लिए एक फलती-फूलती जीवनरेखा बन गया है।
90 साल बाद भी, कॉर्बेट भारत के बाघ संरक्षण इतिहास में मजबूती से बसा हुआ है। ये एक ऐसी विरासत जो 1936 में शुरू हुई और रिजर्व के विस्तार और 1973 में ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की शुरुआत के साथ आगे बढ़ी। अपनी स्थापना के सौ साल पूरे करने की ओर बढ़ते हुए, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व भारत के जंगलों और वन्यजीवों को बचाने के सफर में एक अहम पड़ाव बना हुआ है।