Yamuna River: यमुना नदी में पलटी नाव, पांच लोगों की मौत

Yamuna River:  हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में यमुना नदी में एक नाव पलटने के कारण डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार शाम यमुना नदी में एक नाव पलट गई जिसके बाद उस पर सवार नौ लोग डूबने लगे। उन्होंने बताया कि नाव चला रहे धीरू नामक किशोर ने तीन लोगों को बचा लिया लेकिन आकांक्षा (नौ), रानी (नौ), बृजरानी (25), लाभयांश (पांच), महेश (छह) और आदित्य (11) डूब गए।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि बचाव टीमों ने बाद में आकांक्षा, लाभयांश, महेश, रानी और बृजरानी के शव बरामद कर लिए जबकि आदित्य नामक लड़का अब भी लापता है। उन्होंने बताया कि सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम लापता लड़के की तलाश कर रही हैं। बताया जा रहा है कि नाव पर सवार लोग ककड़ी और खरबूजे लेने गए थे लेकिन लौटते समय नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर बचाव और राहत कार्य के निर्देश दिए हैं।

राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदित्यनाथ ने इसके साथ ही जिला प्रशासन को दुर्घटना के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसे हादसे नहीं होने देने के लिए ठोस प्रबंध करने का भी निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *