UP News: नेहरू हॉकी टूर्नामेंट में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज का जलवा, फाइनल में सोनीपत को हराकर दूसरी बार बना चैंपियन

UP News:  उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बीच लखनऊ के गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज की हॉकी टीम ने नई दिल्ली में आयोजित 43वें सरदार मनमोहन सिंह सब-जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में लखनऊ की टीम ने हरियाणा की गवर्नमेंट हॉकी एकेडमी, सोनीपत को 6-5 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

गोलकीपर अमरजीत तिवारी बने जीत के नायक

लखनऊ और सोनीपत के बीच खिताबी मुकाबला काफी रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहा। लखनऊ की तरफ से मोहम्मद दानिश और समीर अली ने गोल दागे।

इसके बाद मुकाबले का फैसला टाई-ब्रेकर शूटआउट से हुआ, जहां दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर पहुंच गईं। ऐसे निर्णायक क्षण में लखनऊ के गोलकीपर अमरजीत तिवारी ने बेहतरीन बचाव करते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत लखनऊ ने 6-5 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

विजेता टीम को 1.60 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

टूर्नामेंट जीतने पर लखनऊ की टीम को 1.60 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता सोनीपत की टीम को 96 हजार रुपये मिले। व्यक्तिगत पुरस्कारों में लखनऊ के मोहम्मद दानिश ने अपने शानदार खेल के दम पर ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब हासिल किया। उन्हें 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

वहीं, फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सोनीपत के रोहित को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला।

2018 के बाद दूसरी बार स्पोर्ट्स कॉलेज ने जीता खिताब

लखनऊ टीम के प्रशिक्षक धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को भी खिलाड़ियों को चैंपियन बनाने में योगदान के लिए 25 हजार रुपये की विशेष पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, उपविजेता टीम के कोच को 10 हजार रुपये से सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की हॉकी टीम ने इससे पहले वर्ष 2018 में भी इस प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया था। इस तरह टीम ने दूसरी बार टूर्नामेंट जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेन्द्र यादव ने खिलाड़ियों और कोच धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को जीत की बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। टीम की जीत की खबर पहुंचते ही स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में जश्न का माहौल बन गया। शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *