Rain Alert: आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में हो रही भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल और ओडिशा के पास बना कम दबाव का एक स्पष्ट क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इस सिस्टम की वजह से मध्य, दक्षिणी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से लेकर रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा कि “उत्तर प्रदेश में मौसम में मेन वजह है कि बंगाल की खाड़ी में बने हुए निम्न दबाव का क्षेत्र से उत्तर प्रदेश में मौसम दिन प्रतिदिन बदल रहा है। तो जिसमें कि एक वेस्ट बंगाल के और ओडिशा के पास…सिस्टम बना हुआ है। गहन निम्न दबाव का क्षेत्र और धीरे-धीरे इसका मूवमेंट वेस्टवर्ड हो रहा है तो कहीं न कहीं जो उत्तर प्रदेश का सेंट्रल पार्ट और जो साउथ का हिस्सा है, जिसमें विंध्य रीजन और बुंदेलखंड रीजन में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है आज और कल।
तो सेंट्रल यूपी तक और सदर्न पोर्शन में। तो आज और कल अच्छी वर्षा होने की संभावना है। बाकी आगे भी जो साउथ का रीजन है, जो एमपी से सटे हुए जो बुंदेलखंड रीजन हैं वहां पर भारी वर्षा का दौर चलता रहेगा और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रहेगा।”
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रयागराज और चित्रकूट जैसे दक्षिण उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले सात दिनों में इन इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।