Lucknow: कोचिंग सेंटर में भीषण आग, CM योगी ने अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग की घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। साथ ही घटना में घायल हुए लोगों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ ने कहा, “प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।”
घटना की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि फिलहाल इमारत की ऊपरी मंजिल पर किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा, “दमकल कर्मियों ने पहली मंजिल में प्रवेश करने के लिए एक दीवार तोड़ी है। इमारत में भारी धुआं भरा हुआ है, इसलिए कमरे-दर-कमरे तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।”

ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता सभी बच्चों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने बताया कि प्रशासन, चिकित्सा दल और एम्बुलेंस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौके पर डॉक्टरों को भी बुलाया गया है तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि धुएं के कारण दृश्यता काफी कम है, इसलिए अतिरिक्त एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं। बचाव कार्य को आसान बनाने के लिए एक दीवार तोड़कर वैकल्पिक रास्ते भी तैयार किए गए हैं। हालांकि, अभी तक अंदर मौजूद लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शी अमन के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी है वहां एक लाइब्रेरी और कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान संचालित होता है। उन्होंने बताया, “जब हम मौके पर पहुंचे तो इमारत से घना धुआं निकल रहा था। हमने 5-6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के बाद घबराहट में एक व्यक्ति ने इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।”

एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, राहत एवं बचाव दल लगातार अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा हुआ है। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने और परिसर में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *