CM Yogi: गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोवंश के प्रति स्नेह देखने को मिला। गोसेवा के दौरान कई गोवंश उनके करीब आने लगे। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्यार से दूसरी ओर जाने के लिए कहा और सावधान करते हुए बोले, ‘चलो-चलो, उधर चलो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’ उनकी आवाज सुनकर गोवंश दूसरी तरफ चले गए। इसके बाद सीएम योगी ने अपने हाथों से उन्हें रोटी और गुड़ खिलाया।
गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोमवार सुबह की शुरुआत रोजाना की तरह धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सबसे पहले उन्होंने मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनका आशीर्वाद लिया।
पूजन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को दुलार किया और कुछ समय उनके साथ बिताया। इस दौरान सीएम योगी ने गायों को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाकर गोसेवा की। गोशाला में मुख्यमंत्री का यह स्नेहपूर्ण अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।