CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लौह पुरुष और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई दी और सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
सरदार पटेल का जीवन एकता और राष्ट्रसेवा की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें याद दिलाता है कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता में होती है। यह एकता तभी मजबूत होती है, जब प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र सर्वोपरि का भाव हो। मां भारती की सेवा में समर्पित सरदार पटेल का जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को पूरा करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करने के लिए सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनकी इस अमूल्य विरासत और देश की अखंडता को सुरक्षित रखना हर भारतीय की जिम्मेदारी है।
सुशासन से सामाजिक समरसता को मिली मजबूती: योगी
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति के कारण सामाजिक विभाजन बढ़ा और राष्ट्रीय एकता की भावना प्रभावित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति में बदलाव लाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को आधार बनाकर सुशासन को मजबूत किया है। इसके जरिए सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ सरदार पटेल की विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
‘रन फॉर यूनिटी’ में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ को राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का अवसर बताया। उन्होंने लोगों से इस एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
सीएम योगी ने कहा कि इस आयोजन में उठाया गया हर कदम देश की अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के संकल्प को दर्शाना चाहिए।