CM Yogi: रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तिलक लगाकर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों को स्नेह के साथ आशीर्वाद दिया और उन्हें उपहार भी प्रदान किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को आवासीय पट्टे प्रदान किए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र, चाबी आदि का भी वितरण किया। इस दौरान रायबरेली के विकास में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों को लघु फिल्म के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
सपेरा समुदाय के प्रतिनिधियों को दिया आवासीय पट्टा
सपेरा समुदाय के 60 लोगों को आवासीय पट्टे दिए जा चुके हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने समुदाय के पांच प्रतिनिधियों को मंच पर आवासीय पट्टे प्रदान किए। सीएम के हाथों सपेरा समुदाय की संजू, अंशिका, वंदना, किरण कुमारी व राजनंदिनी को आवासीय पट्टे मिले।
बच्चों का कराया अन्नप्राशन, महिलाओं को दी फलों की टोकरी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर खीर खिलाकर कई बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने नन्हे-मुन्नों को दुलारा-पुचकारा और उन्हें चॉकलेट व खिलौने भी दिए। सीएम ने महिलाओं को फलों की टोकरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने यहां विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी भी ली, सीएम योगी के हाथों मंच पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।