Sawan: देशभर में सावन के पवित्र महीने के चौथे और आखिरी सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने शिवलिंग का जलाभिषेक करने के साथ ही पूजा-अर्चना भी की। यूं तो शिव भक्तों के लिए हर सोमवार ही बहुत प्रिय होता है लेकिन सावन के दौरान इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।
श्रद्धालु व्रत रखने के साथ ही सुख-समृद्धि और परिवार की भलाई के लिए भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगते हैं। प्रयागराज के ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। उन्हें अटूट विश्वास है कि महादेव उनकी मनोकामनाएं पूरी करेंगे। वाराणसी के प्राचीन काशी विश्वनाथ मंदिर में भी लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। अयोध्या में, सावन के आखिरी सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए हैं।
लखनऊ में मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए पहुंचे, वहीं बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दिन की शुरुआत प्रसिद्ध भस्म आरती के लिए मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुई।
झारखंड के देवघर में, सावन के आखिरी सोमवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कांवड़ियों की भारी भीड़ देखी गई, लोगों की तादाद का अंदाजा लगाते हुए सुरक्षा के इंतजाम पहले से ही किए गए हैं। जयपुर में, भक्त ऐतिहासिक तारकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मंदिरों में भी यही नजारा है।टपकेश्वर महादेव मंदिर में मंत्रों की गूंज और आरती की धुन से माहौल भक्तिमय दिखा, गुजरात में मशहूर सोमनाथ मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। दिल्ली में चांदनी चौक के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में महादेव का आशीर्वाद लेने श्रद्धालु तड़के ही कतार में लगने लगे, सावन का महीना 28 अगस्त को पूर्णिमा के साथ खत्म होगा और इसी दिन रक्षाबंधन का त्योहार भी मनाया जाएगा।