Cricket: भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि कि भारत के पास गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन के लिए ‘अचूक’ योजना है और वो न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले महीने होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए वैकल्पिक गेंदबाजों को भी रखने पर विचार कर रहा है, जिसमें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी शामिल हैं।
भारतीय टीम प्रबंधन ने अपने गेंदबाजों के लिए ये योजना तैयार की है, ताकि उन्हें यहां पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों वाले इस दौरे के व्यस्त कार्यक्रम से निपटने में मदद मिल सके। मोर्कल ने यहां तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हम गेंदबाजों का एक ऐसा समूह तैयार कर रहे हैं जिन्हें हम व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए बैकअप के तौर पर रखना चाहेंगे। जैसे-जैसे समय करीब आएगा और हमें साल के इस समय की परिस्थितियों का बेहतर अंदाजा हो जाएगा। तब हमारे पास अपनी गेंदबाजी इकाई की संरचना को लेकर साफ तस्वीर होगी।’’
सीमित ओवरों की क्रिकेट के विशेषज्ञ अर्शदीप ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन वे गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर है और इसलिए वे टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के दावेदार बने हुए हैं। मोर्कल ने कहा, ‘‘हमारे दिमाग में गेंदबाजों का एक अच्छा समूह है, जो हर तरह की परिस्थितियों में कारगर साबित हो सकता है और निश्चित रूप से अर्शदीप इसका हिस्सा हैं।’’
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘वो एक ऐसा खिलाड़ी है जो हमेशा कड़ी मेहनत करता है और हर कसौटी पर खरा उतरता है, इसलिए अगर उसे लाल गेंद से गेंदबाजी करने की जरूरत पड़ी तो मुझे पूरा भरोसा है कि वो अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’ भारत अपने मौजूदा न्यूजीलैंड दौरे में पांच टी20 मैच की श्रृंखला खेल रहा है। इसके बाद पांच मैच की वनडे श्रृंखला होगी। इसके चार दिन बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैच की श्रृंखला खेली जाएगी।
तेज गेंदबाजों को कवर के तौर पर टीम में बनाए रखने का फैसला दौरे से महीनों पहले तैयार की गई दीर्घकालिक कार्यभार प्रबंधन रणनीति का हिस्सा है। मोर्कल ने कहा, ‘‘हर गेंदबाज को पता है कि उससे कार्यभार और गेंदबाजी के मामले में क्या अपेक्षा की जाती है। कुछ खिलाड़ी लाल गेंद की क्रिकेट की तैयारी के लिए भारत ए टीम की तरफ से खेल रहे हैं।’’ उन्होंने ये भी कहा कि टेस्ट श्रृंखला से पहले गेंदबाजों को मैच अभ्यास के लिए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान रोटेट किया जाएगा, जिससे वे थकान के जोखिम के बिना धीरे-धीरे अपना कार्यभार बढ़ा सकें।
मोर्कल ने कहा, ‘‘50 ओवर के प्रारूप में हम खिलाड़ियों को रोटेट करेंगे और उन्हें टेस्ट मैचों की तैयारी के अभ्यास के लिए जरूरी समय देंगे। फिलहाल हमारे पास हर चीज की पूरी योजना है, लेकिन दुर्भाग्य से हमेशा सब कुछ योजना के अनुसार नहीं होता।’’ मोर्केल ने कहा, ‘‘हमारे पास जो भी विकल्प हैं, वे सभी तैयार हैं और रोटेशन के लिहाज से पूरी तरह से तैयार हैं। हम ये सुनिश्चित कर रहे हैं कि जसप्रीत बुमराह समेत सभी गेंदबाज पहले टेस्ट और 50 ओवर के मैचों के लिए तैयार रहें।’’