Ajinkya Rahane: भारत के अनुभवी बल्लेबाज और 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी खेलते नहीं दिखाई देंगे। पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे। रहाणे ने साफ कहा कि वो क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया और संन्यास का एलान किया।
रहाणे ने अपने पूरे करियर में समर्थन देने के लिए बीसीसीआई, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए), अपने साथियों, कोचों, आईपीएल फ्रेंचाइजी, परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को धन्यवाद भी दिया।
रहाणे ने कहा कि “क्रिकेट के उन सभी प्रशंसकों को विशेष धन्यवाद जिन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया। अजिंक्य का अर्थ है अजेय, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार का सामना करवाया है। क्रिकेटर के तौर पर हम सफलता से ज़्यादा असफलता का सामना करते हैं। मेरी टीम ने मैच हारे हैं। मैंने गलतियाँ की हैं, लेकिन एक जगह ऐसी है जहाँ मुझे कभी हार नहीं मिली। और वो है आप सबका दिल। आपके प्यार, आपके विश्वास और आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, अलविदा,”।
रहाणे ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट में खेला था। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दो पूरे रणजी ट्रॉफी सीजन खेलकर वापसी की कोशिश की, लेकिन राष्ट्रीय टीम में दोबारा मौका नहीं मिला। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया।