Monsoon Session: आज राज्यसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पेश हो सकता है, हंगामे के पूरे आसार बताए जा रहे हैं.
राहुल गांधी की गृह मंत्री पर टिप्पणी को लेकर लोकसभा में हंगामा देखने को मिला। ऐसे आसार हैं कि आज राज्यसभा में भी इस मुद्दे पर हंगामा हो सकता है। राज्यसभा में बिल पर बहस दोपहर 2 बजे शुरू होगी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मुकुल वासनिक विपक्ष की तरफ से बात रखेंगे।
बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर ऐसी टिप्पणी की, जिस पर खूब हंगामा हुआ और लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। हालांकि भारी हंगामे के बीच लोकसभा से लोक परीक्षा संशोधन विधेयक पारित हो गया। आज इस विधेयक को राज्यसभा में पेश किया जा सकता है।
सरकार का कहना है कि इस संशोधन विधेयक का उद्देश्य देशभर में परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल माफिया और पर अंकुश लगाना है। विधेयक में दोषियों के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान किया गया है। इसके तहत पेपर लीक के मामलों में अधिकतम 10 वर्ष की सजा, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना, अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने तथा मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था का प्रस्ताव है, साथ ही जांच दो माह और मुकदमे का निपटारा तीन माह के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।
राज्यसभा में भी विपक्ष इस विधेयक पर सरकार से कई सवाल पूछ सकता है। विपक्षी दलों का कहना है कि केवल सख्त कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय करना और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। कुछ सांसद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) और परीक्षा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े मुद्दों को भी उठाने की तैयारी में हैं।