Women Reservation Bill: संविधान संशोधन बिल पर चर्चा शुरू, पक्ष में पड़े 251 वोट

Women Reservation Bill:  संसद में आज से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा शुरू होगी। संविधान में संशोधन की तैयारी के लिए बुलाए गए तीन दिवसीय विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी ने कहा कि देश नारी सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। दूसरी तरफ तमिलनाडु में सीएम एमके स्टालिन ने विधेयक की प्रति जलाकर विरोध दर्ज कराया। लोकसभा में आज से 18 घंटे की चर्चा शुरू होगी। इन बदलावों के बाद देश की संसद में 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026 को पेश करने के प्रस्ताव पर मतदान हुआ, जिसमें अधिकतर सांसदों ने सरकार के पक्ष में वोट दिया। विपक्षी सांसदों ने इस विधेयक को पेश करने के फैसले के खिलाफ मतविभाजन (वोटिंग) की मांग की थी, लेकिन वोटिंग में सरकार का पलड़ा भारी रहा। इस तरह लोकसभा ने विधेयक को पेश करने की अनुमति दे दी है और अब इस पर आगे चर्चा की जाएगी।

संविधान संशोधन बिल पर वोटिंग, लोकसभा में विधेयक के पक्ष में 251 वोट और विपक्ष में 185 वोट पड़े।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने इन तीनों विधेयकों के पेश किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक 2026 और परिसीमन विधेयक 2026 को सदन में लाने के खिलाफ आपत्ति जताई। इसको लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस तेज होने की संभावना है।

अमित शाह का पलटवार-

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। अमित शाह ने कहा कि केसी वेणुगोपाल विधेयकों के गुण-दोष पर टिप्पणी नहीं कर सकते और वे केवल तकनीकी आपत्तियां ही उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बहस के दौरान विपक्ष को मजबूत जवाब देगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *