Vande Mataram: दिल्ली पुलिस ने कहा कि वो 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाते समय हुई एक कथित घटना की शिकायत की जांच कर रही है। ये शिकायत 16 अगस्त को आईपी एस्टेट पुलिस स्टेशन में एक वकील ने दर्ज कराई है, जिसमें कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी।
पुलिस ने एक बयान में कहा, “कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् गाते समय हुई कथित घटना के बारे में मिली शिकायत की जांच की जा रही है।” शिकायत के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत गाया जा रहा था, तभी शुरुआती हिस्सा गाए जाने के बाद सोनिया गांधी ने कथित तौर पर कुछ इशारे किए।
शिकायतकर्ता का दावा है कि इन इशारों से ऐसा लगा मानो वे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जता रही थीं। इसमें एक वीडियो का भी जिक्र किया गया है जिसमें राहुल गांधी को कथित तौर पर ये कहते हुए सुना गया, “हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।”
शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और दोनों नेताओं के दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। बीेजेपी ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रगीत के प्रति “घोर अनादर” दिखाने का आरोप लगाया है, हालांकि पार्टी ने इस आरोप से इनकार किया है।
संसद ने हाल ही में एक कानून पारित किया है जो ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान के बराबर दर्जा देता है।