Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर भारतीय सेना को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी विशेष तस्वीर लगाकर इस सैन्य अभियान में शामिल जवानों के साहस और बलिदान को सम्मान दिया। प्रधानमंत्री के इस कदम के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्माला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई नेताओं ने भी अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर को श्रद्धांजलि दी
भारत आज यानी 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहा है। पिछले साल भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान अधिPM Modiकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई करते हुए इस सैन्य अभियान को अंजाम दिया था। यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली थी।
सेना ने इस मौके पर एक विशेष वीडियो भी जारी किया, जिसमें ऑपरेशन की तैयारी, रणनीति और आतंकी ठिकानों पर किए गए सटीक हमलों को दिखाया गया। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का वह सख्त संदेश भी शामिल था, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत हर आतंकी और उसके समर्थकों की पहचान करेगा, उन्हें खोजेगा और सजा देगा।
हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई 2025 की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई सीमित, संतुलित और गैर-उत्तेजक सैन्य अभियान था, जिसका लक्ष्य पाकिस्तान और PoK में मौजूद बड़े आतंकी ठिकानों को नष्ट करना था।
ऑपरेशन सिंदूर को भारत की सैन्य और रणनीतिक क्षमता का बड़ा प्रदर्शन माना गया। इस अभियान ने न केवल आतंकवादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि भारत की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति और रणनीतिक संयम को भी दुनिया के सामने मजबूती से पेश किया।