Kerala CM: केरल में कई दिनों की राजनीतिक हलचल, बैठकों और अंदरूनी खींचतान के बाद आखिरकार कांग्रेस ने बड़ा फैसला ले लिया है। कांग्रेस नेतृत्व ने वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है।
दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने उनके नाम का आधिकारिक एलान किया। कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रेस वार्ता में बताया गया कि वीडी सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। केरल में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे और 4 मई को नतीजे घोषित किया गया। विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद कांग्रेस ने मुख्यमंंत्री के नाम की घोषणा की है।
वीडी सतीशन-
कोच्चि जिले से आने वाले सतीशन इसी महीने 62 साल के होने वाले हैं। पेशे से वकील रहे सतीशन ने साल 2001 में पहली बार परवूर सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में मजबूत पहचान बनाई थी। विधानसभा में अपने तेज भाषण, आंकड़ों के इस्तेमाल और विपक्ष पर तीखे हमलों के कारण वह जल्द ही कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।
उनका सबसे बड़ा राजनीतिक उभार उस समय हुआ जब 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद पार्टी ने उन्हें विपक्ष का नेता बनाया। शुरुआत में कई नेताओं ने उन्हें समझौते का उम्मीदवार माना था, लेकिन उन्होंने इस जिम्मेदारी को अपनी ताकत बना लिया। सोना तस्करी मामला, एआई कैमरा विवाद और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर उन्होंने लगातार पिनराई विजयन सरकार को घेरा और खुद को राज्य में सबसे आक्रामक विपक्षी नेता के रूप में स्थापित किया।