INDIA bloc: विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाले होर्डिंग, बीजेपी ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर उठाए सवाल

INDIA bloc:  विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कई होर्डिंग दिखाई दिए, जिनमें निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्षी नेताओं के कथित अलग-अलग रुख पर निशाना साधा गया है। हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि ये होर्डिंग्स किसने लगवाए हैं लेकिन बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और कहा कि विपक्षी दल उनके नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं।

बीजेपी के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन की बैठक में आज ये स्पष्ट हो जाएगा कि राहुल गांधी से कौन-कौन दूरी बनाएगा।’’ उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए शायरी, ‘‘ कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता’’ का सहारा लिया और कहा कि अब सवाल सिर्फ बैठक का नहीं, बल्कि राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसे का भी है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में लगाए गए होर्डिंग्स में विपक्षी नेताओं के बयानों का जिक्र है। ऐसे ही एक होर्डिंग को दो हिस्सों में बांटा गया है, जिन पर लिखा है ‘जब वे जीतते हैं’ और ‘जब वे हारते हैं।’ पहले हिस्से में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के हवाले से लिखा है, ‘‘एसआईआर ने शायद कांग्रेस की मदद की हो।”

जबकि दूसरे हिस्से में लिखा है, ‘‘ईसीआई अपना काम नहीं कर रहा।’’ होर्डिंग के अंत में लिखा है, ‘ईसीआई वही है, कहानी बदली है।’ दूसरे होर्डिंग पर शीर्षक है ‘पाखंड की पराकाष्ठा’। इसमें ‘जीत’ के तहत तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के नाम से लिखा था, ‘‘निर्वाचन आयोग के खिलाफ आरोप में कोई दम नहीं है।’’

वहीं ‘हार’ वाले हिस्से में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम से लिखा था, ‘‘मुख्य चुनाव आयुक्त को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’’ तीसरे होर्डिंग पर हिंदी और अंग्रेजी में लिखा है ‘‘इंडी गठबंधन का दोगलापन’’ इसके साथ नारा था-‘‘जीते तो ईसीआई को ताली, हारे तो ईसीआई को गाली।’ इसमें ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं की तस्वीरें थीं।

इस बीच विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने बुधवार को नई दिल्ली में बैठक की, जिसमें निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ संयुक्त अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *