Share Market: कच्चे तेल के दाम में तेजी और वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को मिला-जुला रुख रहा। मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 114 अंक के लाभ में रहा जबकि एनएसई निफ्टी में 40 अंक की गिरावट रही।
कारोबार के अंतिम घंटे में हुई लिवाली से बीएसई सेंसेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 113.61 अंक यानी 0.15 फीसदी की बढ़त के साथ 78,079.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 78,119.39 अंक तक गया और नीचे में 77,665.89 अंक तक आया। इस तरह कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 453.5 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।
वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 40.10 अंक यानी 0.16 फीसदी टूटकर 24,395.85 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी में लगातार तीसरे दिन की गिरावट है। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल के शेयर लाभ में रहे। दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और इन्फोसिस शामिल हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.44 प्रतिशत टूटकर 87.70 डॉलर प्रति बैरल रहा। “तो, चिंता की बात कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं, बल्कि उनमें होने वाला उतार-चढ़ाव है। जैसा कि मैंने पहले कहा, अब यह किसी भी दूसरी चीज से ज्यादा बाजार का बैरोमीटर बन गया है। इसलिए, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है। 24,350 एक अहम सपोर्ट लेवल है; हमें यह देखना होगा कि क्या बाजार इस हफ्ते इसके ऊपर बंद होता है या नहीं।
बाजार विशेषज्ञ पुरातन भारती ने कहा “इस हफ्ते ट्रेडिंग के लिए सिर्फ एक दिन बचा है। इसलिए, हमें देखना होगा कि क्लोजिंग कहां होती है। लेकिन 24,000 एक बहुत ही अहम सपोर्ट लेवल है और उसके बाद अगला सपोर्ट लेवल जाहिर है 24,350 है, जिसके आस-पास निफ्टी घूम रहा है। निफ्टी 24,500 के स्तर को पार कर पाएगा या नहीं, यह दो अहम बातों पर निर्भर करेगा। एक तो अमेरिकी डॉलर-रुपये की चाल और दूसरी कच्चे तेल की कीमतें।”
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की लाभ में रहे, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के ज्यादातर बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। वहीं, अमेरिकी बाजारों में बुधवार को अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,002.50 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। इससे पहले सेंसेक्स 187.90 अंक या 0.24 फीसदी गिरकर 77,966.35 पर बंद हुआ। निफ्टी 35.75 अंक या 0.15 फीसदी गिरकर 24,435.95 पर बंद हुआ।