Sawan: देशभर में सावन के पवित्र महीने का दूसरा सोमवार पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस हफ्ते सोमवार का महत्व और भी बढ़ गया है क्योंकि इस दिन प्रदोष भी है। ‘सोम प्रदोष’ के नाम से जाना जाने वाला ये दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा के लिए बहुत शुभ माना जाता है।
पुजारी प्रमोद कुमार ने बताया कि “सावन का आज सोमवार है, आज शिवलिंग पर जल चढ़ाना, अभिषेक करना, पूजन करना और आज तो तांता लगा हुआ है भगवान शिव के दरबार में जो कि महान पुण्य फलदाई है। सभी की मनोकामना पूर्ण होती है आज के दिन जल चढ़ाने से, दशाश्वमेध, महाराज ब्रह्मेश्वर, काशी विश्वनाथ जहां भी शिवालय है वहां पर जल लोग चढ़ाएंगे। आज इसका विशेष महत्व इसलिए है कि सोम भी पड़ गया है और इसमें प्रदोष का भी है जो माता-पिता दोनों हमारे शिव शंकर पार्वती माता का आज विशेष पूजन है”
आज के सोमवार का विशेष महीमा है। क्योंकि आज का सोमवार प्रदोष का दिन भी है और प्रदोष के दिन अगर प्रदोष पड़ जाए तो उसका विशेष महिमा बढ़ जाती है क्योंकि इसको सोम प्रदोष बोलते हैं क्योंकि सोम प्रदोष भगवान शिव का सबसे बड़ा व्रत है जैसे एकादशी भगवान विष्णु का है इसी तरह से प्रदोष भगवान महादेव का विशेष व्रत माना जाता है। आज के दिन जो भगवान महादेव की पूजा करते हैं उनकी समस्त मनोकामना पूर्ण होती हैं।”
उत्तर प्रदेश के मंदिरों और पवित्र नदियों के घाटों पर सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रयागराज में, सुबह से ही दशाश्वमेध घाट पर गंगाजल लेने आए कांवड़ियों की भारी भीड़ थी। अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और सभी घाटों और मंदिरों में पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
लखनऊ के ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, ऐसी मान्यता है कि भगवान यहां श्रद्धा के साथ प्रार्थना करने वालों की मुराद पूरी करते हैं। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, तो बहराइच के सिद्धनाथ मंदिर में भी आस्था के ऐसे ही नजारे देखने को मिले। दिल्ली में चांदनी चौक के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को पूजा करने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए महाकालेश्वर मंदिर में हजारों श्रद्धालु जुट रहे हैं, झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, यहां श्रद्धालुओं की लगभग सात किलोमीटर लंबी कतार नजर आई। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज रहे मंदिर में लाखों लोगों के ‘जल अर्पण’ करने की उम्मीद है।
बात मुंबई की करें, तो यहां भी भक्ति की भावना कुछ कम नहीं है, श्रद्धालु बड़ी संख्या में ऐतिहासिक बाबुलनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं, जम्मू के मंदिर में भी उन भक्तों की भरमार है जो पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पवित्र सोमवार का व्रत रख रहे हैं, इस साल शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी और सावन का समापन 28 अगस्त को होगा।