Mumbai: नवी मुंबई हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए तैयार, मालवाहक उड़ानें भी होंगी शुरू

Mumbai: अडानी समूह के स्वामित्व वाले नवी मुंबई हवाई अड्डे से 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू हो सकती हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों के साथ-साथ नवी मुंबई हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ानें भी शुरू होंगी। ये मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) का दूसरा हवाई अड्डा है। इस हवाई अड्डे से घरेलू उड़ान सेवाएं पिछले वर्ष दिसंबर से शुरू हो गई थीं।

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एनएमआईएएल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बीवीजेके शर्मा ने यहां ‘बीसीबीए लॉजिस्टिक्स सम्मेलन’ से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘15 जुलाई को हम मालवाहक उड़ानों से शुरुआत कर रहे हैं। इनकी साप्ताहिक उड़ानों की संख्या लगभग 18 तक पहुंचने की उम्मीद है। यात्री सेवाओं के मोर्चे पर भी प्रगति हो रही है और 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें भी शुरू होने की उम्मीद है।’’

शर्मा ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो नवी मुंबई से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करेंगी। ?उन्होंने कहा कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के सदस्य (सीमा शुल्क) ने मंगलवार को हवाई अड्डे की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अंतिम प्रक्रिया आज पूरी की जा रही है, जिसके बाद धारा 45 और कूरियर व कार्गो से जुड़े कोड के परीक्षण होंगे और इसके बाद संभवतः पांच जुलाई के आसपास सीमा शुल्क की ओर से व्यापार सूचना जारी की जाएगी।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *