Diwali: दीपावली और छठ पूजा का त्योहार नजदीक आते ही घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। त्योहारों के मद्देनजर देशभर के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य रेलवे ने कई अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इसके तहत प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं और यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
रेलवे की ओर से झांसी, कानपुर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ समेत प्रमुख स्टेशनों से कुल 45 जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष चेतावनी भी जारी की है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेन में पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ या किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री लेकर यात्रा न करें। रेलवे ने त्योहारों के दौरान सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन करने की अपील की है।