LPU protest: हंगामे की वजह से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) प्रशासन ने रविवार को अगली सूचना तक कक्षाएं और मिड-टर्म परीक्षाएं रद्द कर दीं। एलपीयू प्रशासन द्वारा सोमवार से 10 दिनों के लिए कक्षाएं रद्द करने के बाद कई छात्रों को परिसर से अपने घर जाते देखा गया। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगली सूचना तक टाल दी गई हैं।एलपीयू प्रशासन ने छात्रों को घर जाने की मंजूरी दे दी। छात्रों ने बताया कि पुलिस और दंगा-रोधी बलों की मौजूदगी के कारण विश्वविद्यालय में हालात काबू में हैं।
विश्वविद्यालय ने कहा कि जो छात्र वहीं रुके हुए हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हॉस्टल या अपने रहने की जगहों के अंदर ही रहें और बिना वजह बाहर न निकलें या किसी भी “अशांति वाली गतिविधि” में शामिल न हों। फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के छात्रों ने रविवार को कथित तौर पर परिसर में तोड़-फोड़ की और परिसर के बाहर नई दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग का एक हिस्सा जाम कर दिया। उनका आरोप था कि विश्वविद्यालय परिसर के अंदर एक बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप किया है।
रविवार शाम को हिंसा तब और बढ़ गई जब प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके और उनकी गाड़ियों पर हमला किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस परिसर के बाहर सुबह आठ बजे से एनएच-44 जाम कर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश कर रही थी, तभी कुछ छात्रों ने कथित तौर पर उन पर पानी की बोतलें फेंकीं। पुलिस के मुताबिक, छात्रों की पुलिस से झड़प भी हुई और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद छात्र परिसर की ओर भागने लगे।
अधिकारियों ने बताया कि अंदर पहुंचने के बाद, छात्रों ने कथित तौर पर पुलिस पर अंधाधुंध पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, पुलिस ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच के लिए एक एसआईटी बनाई गई है। विश्वविद्यालय ने परिसर में अपराध होने के दावों को “अफवाह” बताया है।