IRCTC की नई टिकट बुकिंग वेबसाइट लॉन्च: फास्टर चेकआउट और बिना कैप्चा के होगी बुकिंग

IRCTC: भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC का नया और अपग्रेडेड बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य रोजाना टिकट बुक करने वाले लाखों यात्रियों को तेज, आसान और बेहतर अनुभव प्रदान करना है। फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी किया गया है, ताकि यात्रियों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर इसे और बेहतर बनाया जा सके।

यात्री नई वेबसाइट का अनुभव लेने के लिए IRCTC के पोर्टल पर जा सकते हैं। वहीं, मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर भी नए बीटा वर्जन का सीधा लिंक उपलब्ध कराया गया है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की प्रतिक्रिया और सुझाव जुटाना है। नई वेबसाइट का उपयोग करने वाले यात्री इसके फीचर्स और उपयोगिता पर अपनी राय दे सकेंगे। इन सुझावों के आधार पर आने वाले समय में जरूरी सुधार किए जाएंगे, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और कस्टमर सैटिस्फैक्शन को बेहतर बनाया जा सके।

नई वेबसाइट को लेकर क्या है बड़ा अपडेट

IRCTC का बीटा वर्जन 15 जुलाई 2026 को रात 9 बजे से लाइव हो चुका है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दौरे के दौरान इसकी लॉन्चिंग की घोषणा की थी।

स्मार्ट कैप्चा सिस्टम

अब लॉगिन और टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही वेबसाइट से अनावश्यक पॉप-अप, चमकदार ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स भी हटा दिए गए हैं।

सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखेंगी

अब यात्रियों को स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी या अन्य श्रेणियों की सीट उपलब्धता देखने के लिए बार-बार सर्च नहीं करना पड़ेगा। सभी क्लास की सीटों की स्थिति एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी।

फास्टर चेकआउट फीचर

टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक तेज बनाया गया है। बुकिंग के दौरान जरूरी स्टेप्स की संख्या कम कर दी गई है, जिससे टिकट बुक करने में कम समय लगेगा और प्रक्रिया ज्यादा आसान होगी।

आसान रिपीट बुकिंग

नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह फीचर काफी उपयोगी होगा। एक बार यात्री विवरण सेव होने के बाद अगली बुकिंग में नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी पड़ेगी।

साल 2002 में लॉन्च हुई IRCTC वेबसाइट देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक है। शुरुआती वर्षों में ट्रैफिक कम था, लेकिन आज इसके जरिए रोजाना औसतन 14.5 लाख से अधिक ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। इतने बड़े यूजर बेस को बिना रुकावट तेज और सुरक्षित सेवाएं देने के लिए वेबसाइट के तकनीकी ढांचे को आधुनिक बनाना जरूरी हो गया था। इसी वजह से रेलवे ने वेबसाइट के साथ-साथ अपने बैकएंड सिस्टम को भी अपग्रेड करने का फैसला लिया है।

बैकएंड सिस्टम में भी हो रहा है बड़ा बदलाव

यह केवल वेबसाइट के डिजाइन का बदलाव नहीं है। भारतीय रेलवे दशकों पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड कर रहा है। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि टिकट बुकिंग की लाइव सेवाओं को बिना बाधित किए पूरे सिस्टम को अपडेट किया जाए। रेलवे के अनुसार नया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन भी जल्द लॉन्च किया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग की क्षमता और स्पीड में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल बीटा वर्जन के जरिए यात्रियों का फीडबैक लिया जा रहा है। पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का अपग्रेडेशन पूरा होने और जरूरी सुधारों के बाद अगले कुछ हफ्तों में नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। तब तक यात्री नई बीटा वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि पुरानी वेबसाइट पर भी सामान्य टिकट बुकिंग की सुविधा जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *