Bengaluru: बेंगलुरू पुलिस ने एक महिला को अपने पति और पांच साल के बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला के उस दोस्त को भी हिरासत में लिया गया है, जिसने कथित तौर पर हत्या में उसकी मदद की थी।
बेंगलुरू (उत्तर-पश्चिम) के डीसीपी डीएल नागेश ने बताया कि अभिनंदन और बच्चे की हत्या सोते वक्त की गई थी। डीसीपी ने बताया, “उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। शुक्रवार को भी झगड़ा हुआ और महिला ने उससे छुटकारा पाने का सोचा। उन्होंने (महिला और उसके दोस्त ने) मिलकर हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा…”
सोमवार सुबह चिक्काबनावारा में 35 साल के एक आदमी और उसके बेटे का शव उनके घर पर संदिग्ध हालात में मिला। मामला तब सामने आया जब उसकी पत्नी ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि वे किसी रिश्तेदार के घर गए थे और रविवार शाम को घर लौटे थे। सोमवार सुबह जब वो उठी, तो उसने अपने पति और बेटे को बेसुध हालत में पाया। डीसीपी नागेश ने कहा, “उसने पहले एक कहानी बनाई, लेकिन बाद में सच मान लिया। पति और बच्चे की हत्या सोते वक्त की गई थी।”